सफ़र सफ़र की तरह हो तो बहुत अच्छा है


    सफ़र सफ़र की तरह हो तो बहुत अच्छा है

    तू हमसफ़र की तरह हो तो बहुत अच्छा है

 

    ज़िन्दगी काश ! परिंदों की तरह हो जाती

    ये हाथ पर की तरह हों तो बहुत अच्छा है

 

    मैं तो ताउम्र जियूँ सिर्फ इबादत के लिए

    तू भी रहबर की तरह हो तो बहुत अच्छा है

 

    तड़पने चीखने रोने की भी फुरसत न मिले

    ज़हर ज़हर की तरह हो तो बहुत अच्छा है

 

    जकड़ के भींच के सीने से लगा लूँ तुझको

    दोस्त खंजर की तरह हो तो बहुत अच्छा है

 

    बात फ़ूलों की तरह रेशमी झूलों की तरह

    आँख नश्तर की तरह हो तो बहुत अच्छा है

 

    ज़माना मखमली जिस्मों पे फ़िदा है लेकिन

    दिल भी पत्थर की तरह हो तो बहुत अच्छा है

Post a Comment

0 Comments